बिछवां (मैनपुरी)। थाना क्षेत्र के गांव दुधौना निवासी एक युवक को शादी कराने का भरोसा दिलाकर एक शातिर ने 50 हजार रुपये ठग लिए। काफी दिन तक युवती से फोन पर बात भी कराई। रुपये लेने के बाद नंबर ब्लैक लिस्ट में डाल दिया। ठगे गए युवक ने थाने में तहरीर देेकर रिपोर्ट दर्ज किए जाने की मांग की है।
थाना क्षेत्र के गांव दुधौना निवासी 35 वर्षीय उमाशंकर सक्सेना अविवाहित हैं। करीब दो माह पूर्व गांव भनऊ निवासी एक व्यक्ति उसके पास आया। कहा कि वह उसकी शादी करा देगा। उसे लड़की का मोबाइल नंबर दे दिया, जिससे उमाशंकर की बात भी होने लगी थी। कुछ दिन पहले शातिर ने कहा कि लड़की के घरवाले बेहद गरीब हैं। उसे दोनों तरफ की शादी करनी होगी। इस बात पर भी उमाशंकर तैयार हो गया।
बताया कि लड़की की मां की तबियत खराब है। कुछ रुपये की जरूरत आन पड़ी है। उमाशंकर से एक बार 25 हजार और दूसरी बार 10 हजार रुपये ले गया। कुछ जेवर आदि खरीदने के लिए भी रुपये ले लिए। लड़की से करीब एक सप्ताह तक बात होती रही। लेकिन रुपये देने के दो दिन बाद ही नंबर मिलना बंद हो गया। इस बारे में उमाशंकर ने जब शातिर से कहा तो वह गाली गलौज करने लगा। रुपये वापस मांगने पर उसे धमकी दी। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
फर्रुखाबाद में मिली लड़की
उमाशंकर ठगे जाने के बाद हकीकत पता करने के लिए फर्रुखाबाद के एक गांव गया। वहां उस नाम की लड़की भी मिली। लेकिन जब उससे शादी और उक्त व्यक्ति को पहचानने के बारे में पूछा गया तो उसने साफ मना कर दिया।