आल इंडिया एंटी टेररिस्ट फ्रंट और पैरामाउंट कोचिंग सेंटर की ओर से शहीद सैनिक और पुलिस जवानों की संतान को सरकारी नौकरी के लिए लिखित-मौखिक परीक्षाओं की तैयारी नि:शुल्क कराई जाएगी। भगवान टाकीज स्थित कोचिंग सेंटर का उद्घाटन शनिवार को मुख्य अतिथि फ्रंट अध्यक्ष मनिंदरजीत सिंह बिट्टा ने किया।। इस अवसर पर डायरेक्टर राजीव सौमित्र ने बताया कि इस अभियान को ‘श्रद्धांजलि’ नाम दिया गया है। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, बिहार में कई सेंटर चल रहे हैं। दिल्ली सेंटर में तो इनके लिए रहने-खाने तक की व्यवस्था नि:शुल्क है। शहीदों की संतान प्रमाण पत्र के साथ सेंटर में संपर्क कर सकते हैं।
शिक्षण संस्थान में देश विरोधी नारे यानी खतरा
ऑल इंडिया एंटी टेररिस्ट फ्रंट के अध्यक्ष बिट्टा ने जेएनयू प्रकरण पर कहा कि किसी शिक्षण संस्थान में राष्ट्रविरोधी नारे लगते हैं तो देश के लिए यह खतरा है। साथ ही उन्होंने कहा कि आतंकवाद समाज का दुश्मन है। इससे निपटने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाने होंगे। उन्होंने एंटी टेररिस्ट स्पेशल आर्मी गठित करने की जरूरत भी बताई।