आगरा। सुभाष नगर अलबतिया निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक रामकिशन केम ने एक कोचिंग संचालक पर उसकी दो बेटियों और एक दामाद से बीएड में प्रवेश के नाम पर 4.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। इस मामले में सोमवार को एसएसपी से शिकायत की। उन्होंने मुकदमे के आदेश किए हैं।
रामकिशन केम ने एसएसपी को बताया कि उनके पड़ोसी मोहल्ले लता कुंज में एक युवक अपनी कोचिंग चलाता था। वह वर्ष 2011 में उससे बेटे को कोचिंग कराने के संबंध में बात करने गए। तब उसने बताया कि वह मथुरा के एक कॉलेज से बीएड करा देता है। बस परीक्षा में जाना होगा। एक व्यक्ति के प्रवेश के लिए 1.50 लाख रुपये की मांग की।
इस पर वो तैयार हो गए। उन्होंने अपनी दो बेटियों और एक दामाद को बीएड कराने के लिए बात कर ली। इसके लिए सभी शैक्षिक प्रमाणपत्र के साथ 4.50 लाख रुपये भी दे दिए। सालभर बाद भी उसने कोई जवाब नहीं दिया। परीक्षा भी संपन्न हो गई। इस बारे में पूछने पर फर्जी अंकतालिका देने की कहने लगा। मगर, उन्होंने इनकार कर दिया। रुपये वापस मांगने पर वह टालमटोल करता रहा। बाद में मकान बेचकर सिकंदरा में रहने लगा। आवास विकास कॉलोनी में कोचिंग खोल ली। वह जब भी उससे बात करने जाते हैं तो वह कोई न कोई बहाना बनाकर भगा देता।
एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि मामला गंभीर है। बीएड में प्रवेश के नाम पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया है। इस पर मुकदमा दर्ज करके विवेचना के आदेश किए हैं।