आगरा में सरकारी नाैकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी का मामला सामने आया है। शातिर ने पीड़ित को तीन बार नियुक्ति पत्र भी थमा दिया, जो फर्जी निकला। मामले में पुलिस जांच में जुटी है।
आगरा के थाना हरीपर्वत में पीड़ित ने सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 5 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगा प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़ित के अनुसार आरोपी ने 3 बार अलग-अलग विभागों में नौकरी के नियुक्ति पत्र दिए। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास के निर्देश पर पुलिस जांच कर रही है।
विज्ञापन
आवास विकास कॉलोनी निवासी साबिर हुसैन जाफरी ने डीसीपी सिटी को प्रार्थना पत्र दिया। आरोप लगाया कि चक्कीपाट, गौतम नगर निवासी संजय कुमार पिप्पल ने खुद को लखनऊ की फर्म एसएस एंटरप्राइजेज का प्रतिनिधि बताकर आगरा-मथुरा सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड में नौकरी दिलाने का झांसा दिया। 5 लाख रुपये लेकर फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिया।
संदेह होने पर आरोपी ने शहरी परिवहन निदेशालय लखनऊ में सहायक लेखाकार पद का प्रस्ताव दिया। वह नियुक्ति पत्र फर्जी निकला। इसके बाद आरोपी ने आगरा में सुपरवाइजर पद और फिर गो रेडी सर्विसेज के माध्यम से एक अन्य नौकरी का कूटरचित अनुबंध पत्र दिया। जांच में सभी दस्तावेज फर्जी साबित हुए। जब पीड़ित ने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने 11 मई 2025 को जान से मारने की धमकी दी। डीसीपी सिटी के निर्देश पर थाना हरीपर्वत में प्राथमिकी दर्ज की गई। थाना प्रभारी हरीपर्वत ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।