कासगंज। रेखपुर के एक ग्रामीण ने अपने ही नामराशि व्यक्ति के खाते को बंद कराकर रकम अपने खाते में ट्रांसफर करा ली। मूल खाता धारक ग्रामीण ने आरोपी ग्रामीण एवं पीएनबी के शाखा प्रबंधक के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर एफआईआर दर्ज कराई है।
ग्रामीण गुड्डन पुत्र विशुनी निवासी रेखपुर का पंजाब नेशनल बैंक में खाता है। इस खाते में किसान सम्मान निधि एवं मनरेगा जॉब कार्ड का पैसा आता था। उसका आरोप है कि गांव के ही गुड्डन पुत्र इशाक ने शाखा प्रबंधक को प्रार्थना पत्र देकर उसका खाता बंद करवा दिया।
खाते में जो भी रकम थी उसे अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिया। जिसकी जानकारी उसे 30 दिसंबर 2019 को हुई। बैंक में पहुंचकर उसने पूछताछ की तो बताया गया कि उसका खाता गुड्डन के द्वारा बंद करवाया गया है। वह आरोपी गुड्डन को लेकर पंजाब नेशनल बैंक पहुंचा। गुड्डन की शाखा प्रबंधक रचित बंसल से आमने सामने बात कराई लेकिन कोई समाधान नहीं हो सका। मामले की तहरीर पुलिस को दी गई। लेकिन जब पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की तो पीड़ित ने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आरोपी गुड्डन एवं पीएनबी शाखा प्रबंधक दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।