कोसीकलां (मथुरा)। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) से रुपये निकालकर जा रहे ग्रामीणों को ठगने वाले ठग को पुलिस ने पकड़ लिया है। उससे डेढ़ लाख रुपये, कागजात और स्कूटी बरामद की है।
मंगलवार को गांव खरौट निवासी नेतराम व परमानंद पीएनबी से डेढ़ लाख रुपये निकालकर घर जाने लगे। बैंक के बाहर दोनों एक व्यक्ति मिला और उसने खुद को रिश्तेदार बताकर और झांसा देकर डेढ़ लाख रुपये लेकर चंपत हो गया। ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर मुकदमा दर्ज कराया। एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान एक युवक को पकड़ लिया।
आरोपी ने अपना नाम शिव कुमार पुत्र प्रकाश निवासी गांव छांयसा, जनपद फरीदाबाद, हरियाणा बताया है। आरोपी युवक ने ग्रामीणों के साथ ठगी की घटना को स्वीकार करते हुए ठगी गई रकम डेढ़ लाख रुपये, पासबुक, पैनकार्ड, वोटर कार्ड और घटना की प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है।
एसएसपी ने बताया कि आरोपी युवक विभिन्न प्रदेशों में ऐसे ही ठगी की घटनाओं को अंजाम देता हैं। इसका आपराधिक रिकार्ड खंगाला जा रहा है। शिव कुमार कोसी में भी ऐसी कई घटनाओं को अंजाम दे चुका है।