फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में नलकूप विभाग में तैनात रहे रिटायर्ड कर्मचारी के खाते से किसी ने उनका एटीएम बदल कर 15 लाख रुपये निकाल लिए। जब उनके पास एकाउंट में रुपये न होने का मैसेज पहुंचा, तो उनकी नींद उड़ गई। उन्होंने बैंक जाकर स्टेटमेंट निकलवाया तो उसमें धनराशि कुछ रुपये निकली। तब जानकारी हो सकी कि किसी ने एटीएम से रकम निकाल ली है। जिसके बाद पीड़ित बृहस्पतिवार को थाने पहुंचे और तहरीर दी।
17 लाख रुपये में बेचा था मकान
नलकूप विभाग में तैनात रहे रिटायर्ड कर्मचारी स्वराज सिंह हाल में मेलावाला बाग में मकान बना कर रह रहे हैं। उन्होंने अपना एक प्लॉट 17 लाख रुपये में बेंचा था और पूरी रकम अपने बैंक ऑफ इंडिया के खाते में जमा कर दी थी। दो लाख रुपये उन्होंने अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए निकाल लिए थे, शेष 15 लाख रुपये उनके खाते में पड़े थे।
ये भी पढ़ें - UP Police Fake Encounter: अग्निवीर भर्ती के लिए आया था युवक, फर्जी मुठभेड़ में पुलिस ने मारी गोली; FIR दर्ज
न जाने किसने बदल लिया एटीएम
न जाने किसने उनका एटीएम बदल लिया। उन्हें जानकारी भी नहीं हुई। जब उनके मोबाइल पर खाते में रकम न होने का मैसेज आया तो वो हैरान रह गये। बैंक में जाकर उन्होंने स्टेटमेंट निकलवाया तो उसमें बैलेंस कुछ रुपये दर्शा रहा था, जिसके बाद उन्होंने बृहस्पतिवार को कोतवाली पहुंच कर पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने पीड़ित सेवानिवृत कर्मचारी की बात को सुना और उन्हें शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।