पैसई गांव में युवक की अभद्र टिप्पणी ने खूनी संघर्ष करवा दिया। दो पक्षों की फायरिंग में एक वृद्ध ने दम तोड़ दिया। गांव के हर प्रसाद और पवन कुमार के बीच जमीन को लेकर रंजिश है। दोनों पक्षों के घर आमने-सामने हैं। हर प्रसाद के पुत्र प्रेमप्रकाश की पत्नी भूरी देवी का निधन 25 फरवरी को हो गया था। परिवार के लोग शनिवार रात तकरीबन नौ बजे गमगीन माहौल में बैठे थे। तभी पवन पक्ष के एक युवक ने प्रेम प्रकाश पर व्यंग्यात्मक टिप्पणी कर दी। उस वक्त लोगों ने मामले को निपटा दिया। आधा घंटे बाद दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई। इससे अफरा तफरी मच गई। पवन, इंद्रपाल के पैरों में और हर प्रसाद की कमर में गोली लगी। सूचना पर फोर्स आ गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां हर प्रसाद की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया। सीओ ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
18 बीघा जमीन के विवाद में रंजिश
हर प्रसाद और पवन पक्ष के बीच दो साल से 18 बीघा जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। हर प्रसाद के भाई चुन्नीराम ने दलित व्यक्ति को पट्टे पर मिली 18 बीघा जमीन अपने नाम करा ली। पवन पक्ष ने इसकी शिकायत अफसरों से की थी। तभी से तनातनी है। उधर, कुछ माह पहले हर प्रसाद पक्ष के हरीबाबू के ट्रैक्टर से पवन के घर की दीवार गिर गई थी। तब गांव में पंचायत हुई थी। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई की थी।
डौकी से दो दिन पहले लापता हुआ था कारीगर
छलेसर चौकी क्षेत्र स्थित झरना नाले के जंगल में रविवार सुबह गांव के चौकीदार मुकेश ने युवक की लाश देखी। सूचना पर पुलिस आ गई। दोपहर में मृतक की शिनाख्त डौकी के गांव कछपुरा निवासी 25 वर्षीय दिनेश कुमार पुत्र विजय सिंह के रूप में हुई। मृतक के भाई घनश्याम ने बताया कि दिनेश चेन झलाई का काम करता था। चार भाइयों में बड़ा था। छह मार्च को घर से निकला था। इसके बाद नहीं लौटा। उन्होंने थाना डौकी में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। उनका कहना है कि अपहरण के बाद हत्या की गई है। पुलिस ने बताया कि गला दबाने के निशान मिले हैं। शव को यहां लाकर फेंका गया है। जांच की जा रही है। तहरीर नहीं मिली है।