आगरा। सावन के चौथे सोमवार को ताजनगरी के शिव मंदिरों में हजारों शिव भक्तों ने बाबा भोलेनाथ का दुग्धाभिषेक किया। पृथ्वीनाथ मंदिर में भक्तों की भीड़ देर शाम तक पहुंचती रही।
सोमवार को सुबह चार बजे से भक्तों का मंदिर पहुंचना शुरू हो गया। जैसे-जैसे सूरज चढ़ता गया, वैसे-वैसे भक्तों की भीड़ भी दरबार में बढ़ती गई। हर-हर महादेव, जय भोलेनाथ जैसे उद्घोष सुबह से शुरू होकर रात तक चलते रहे। घंटों की टंकार से मंदिर के आसपास का इलाका गूंजता रहा। शाम की आरती में शामिल होने के लिए भक्तों की भीड़ काफी बढ़ गई। कैलाश मंदिर पहुंचे भक्तों को कोरोना प्रोटोकोल के तहत ही मंदिर में प्रवेश दिया गया। मंदिर के अजय राजौरिया ने बताया कि मंदिर में आने वाले भक्तों को सामाजिक दूरी का पालन कराने और मास्क लगाने के लिए सेवादारों को नियुक्त किया गया था। सेवादारों ने पूरे दिन भक्तों से सामाजिक दूरी का पालन कराया।