आगरा। हाईवे के गुरुद्वारा गुरु का ताल कट पर शनिवार शाम को ईको (कार) ने दो बाइकों में टक्कर मार दी। इससे एक बाइक पर सवार चार साल के बालक की मौत हो गई, उसकी दादी और चाचा घायल हो गए। दादी की हालत गंभीर है। वहीं एक अन्य बाइक सवार युवक के सिर में चोट लगी है।
सराय बेगा, हरीपर्वत निवासी रोहित शनिवार शाम 7:13 बजे 50 वर्षीय मां माया देवी और चार साल के भतीजे कार्तिक के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। कार्तिक दादी की गोद में था। गुरुद्वारा गुरु का ताल पर सिकंदरा की तरफ जा रही कार ने बाइक में टक्कर मार दी। इसके बाद कार बल्देव के गांव बरेटा निवासी वीरपाल की बाइक से टकरा गई। वह भी घायल हो गए। हादसे के बाद लोग जुट गए। कार्तिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि माया देवी और उनके बेटे रोहित को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वीरपाल के भी सिर में चोट लगी है। सूचना पर उनके परिजन आ गए। वह उन्हें अस्पताल ले गए। वहीं माया देवी को गंभीर हालत होने पर एसएन मेडिकल कालेज रेफर किया गया। पुलिस ने हादसा करने वाली ईको कार सहित चालक को हिरासत में ले लिया है।