यूपी महिला सीनियर क्रिकेट टीम में ताजनगरी की चार खिलाड़ियों को स्थान मिला है। एक महिला क्रिकेटर फिरोजाबाद की रहने वाली हैं। सभी पांचों महिला क्रिकेटर थ्राइव क्रिकेट एकेडमी में प्रैक्टिस करती हैं।
बाएं हाथ की ऑफ स्पिनर तनु काला को टीम का उप कप्तान बनाया गया है। इसके अलावा मीडियम पेसर गेंदबाज क्षमा सिंह, ऑल राउंडर अंजलि सिंह, बाएं हाथ लेफ्ट ऑर्म स्पिनर राशि कन्नौजिया भी टीम में शामिल की गई हैं।
थ्राइव क्रिकेट एकेडमी में प्रैक्टिस करने वाली फिरोजाबाद की बाएं हाथ की मीडियम पेसर भावना राठौर को भी टीम में स्थान मिला है। टीम का कैंप मंगलवार से कानपुर के सिंघानिया स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में शुरू हो गया है। जो 27 नवंबर तक चलेगा।
कटक में खेला जाएगा पहला मैच
फिरोजाबाद की क्रिकेटर भावना राठौर
- फोटो : अमर उजाला
इसके बाद यूपी का पहला मैच आसाम के खिलाफ दो दिसंबर को कटक में खेला जाएगा। यूपी टीम में चयनित होने पर इन महिला क्रिकेटर्स को कोच मनोज कुशवाह, डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ आगरा (डीसीएए) के अध्यक्ष पूरन डावर, सचिव प्रकाश कौशल, पूर्व रणजी खिलाड़ी सर्वेश भटनागर आदि ने बधाई दी है।
तनु काला- बाएं हाथ की ऑफ स्पिनर गेंदबाज तनु काला यूपी सीनियर महिला क्रिकेट टीम की पिछले सत्र में भी सदस्य रह चुकी हैं। यूपी अंडर-19 की कप्तान भी रह चुकी हैं। आगरा में जिला स्तरीय क्रिकेट में एक रन देकर छह विकेट लेने का रिकॉर्ड उनके नाम है। यह विकेट उन्होंने राजस्थान क्रिकेट एकेडमी के खिलाफ लिए थे।
क्षमा सिंह- मीडियम पेसर गेंदबाज और बैट्समैन क्षमा सिंह पिछले सत्र में भी सीनियर टीम की सदस्य रहीं। इस बार भी उन्होंने टीम में स्थान बनाया। सन 2016 में नेशनल क्रिकेट एकेडमी (एनसीए) में चयन हुआ था। यूपी अंडर-19 और यूपी अंडर-23 टीम की सदस्य भी रह चुकी हैं। सन 2016 में विदर्भा के खिलाफ 70 रनों की पारी खेली थी। साथ ही तीन विकेट भी लिए थे।
अंजलि सिंह- दाएं हाथ की ऑफ स्पिनर गेंदबाज और मिडल ऑर्डर बैट्समैन अंजलि सिंह का इस बार अंडर-19 इंडिया ब्लू टीम में भी चयन हुआ। अंडर-19 चैलेंजर ट्रॉफी टी-20 में इंडिया ब्लू की ओर से खेलते हुए अंजलि ने इंडिया रेड के खिलाफ आखिरी मैच में 15 नाबाद रन बनाए। साथ ही दो विकेट भी लिए। सन 2016 में सेंट्रल जोन से खेलते हुए वेस्ट जोन के खिलाफ मुंबई में छह विकेट ले चुकी हैं।
राशि कन्नौजिया- बाएं हाथ की लेफ्ट ऑर्म स्पिनर राशि कन्नौजिया अपनी फिरकी से हमेशा ही विरोधी बल्लेबाजों को परेशान करती रही हैं। इनका पहली बार यूपी सीनियर महिला क्रिकेट टीम में चयन हुआ है। इससे पहले यूपी अंडर-19 और यूपी अंडर-23 की अंजलि सदस्य रह चुकी है।
भावना राठौर- फिरोजाबाद की रहने वाली भावना राठौर का यूपी सीनियर टीम में पहली बार चयनित हुई हैं। बाएं हाथ की मीडियम पेसर गेंदबाज है। इससे पहले यूपी अंडर-19 टीम की सदस्य रह चुकी हैं। जिला स्तर और प्रदेश स्तर पर उनका गेंदबाजी में काफी अच्छा प्रदर्शन रहा है।