कोरोना वायरस के चलते जिंदगी की जंग हार गए शिक्षक
- फोटो : अमर उजाला
कोरोना संक्रमित दो शिक्षकों, एक वरिष्ठ लिपिक और एक शिक्षामित्र की मौत हो गई। इसमें आरबीएस इंटर कॉलेज के सहायक अध्यापक राघवेंद्र सिंह परिहार, परिषदीय विद्यालय, मांगरौल गूजर के सहायक अध्यापक डॉ. संजय चौधरी, प्राथमिक विद्यालय गुही, बाह की शिक्षामित्र टिंकी भदौरिया और नारायण दास विद्या मंदिर, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के वरिष्ठ लिपिक राजकुमार कोरोना से जंग हार गए।
आरबीएस इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. यतेंद्र पाल सिंह ने बताया कि विद्यालय के विज्ञान विषय में सहायक अध्यापक राघवेंद्र सिंह परिहार ने पंचायत चुनाव में ड्यूटी दी थी। उसके बाद वह बीमार पड़ गए। जांच में कोरोना संक्रमण की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। रवि हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था। वह एक मई से ही वेंटीलेटर पर थे, सोमवार रात उनकी मौत हो गई। डॉ. यतेंद्र पाल सिंह व विद्यालय के बाकी शिक्षकों ने शोक व्यक्त किया है।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलामंत्री बृजेश दीक्षित के मुताबिक मांगरौल गूजर परिषदीय विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापक डॉ. संजय चौधरी ने भी पंचायत चुनाव में ड्यूटी दी थी, इसके बाद संक्रमित हो गए थे। कई दिनों से पुष्पांजलि हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था, मंगलवार को उनकी मौत हो गई। इसके अलावा प्राथमिक विद्यालय गुही में तैनात शिक्षामित्र टिंकी भदौरिया भी कोरोना संक्रमित थी। उनकी चुनाव में ड्यूटी नहीं लगी थी।
उत्तर प्रदेश सीनियर बेसिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. महेशकांत शर्मा ने बताया कि नारायण दास विद्या मंदिर, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के वरिष्ठ लिपिक राजकुमार की कोरोना से मंगलवार को मौत हो गई। राजकुमार की ड्यूटी पंचायत चुनाव में लगी थी। उसके बाद वह संक्रमित हो गए, पहले आगरा फिर मथुरा के केएम हॉस्पिटल में उन्हें भर्ती कराया गया। आखिरकार वह कोरोना से जंग हार गए। विद्यालय के प्रधानाध्यापक ऋषिकांत शर्मा ने शोक व्यक्त किया है।
कामयाबी: संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों के लिए रामबाण बनी आइवरमेक्टिन, आगरा से हुई शुरुआत पूरे प्रदेश ने अपनाई