कासगंज। गंजडुंडवारा रोड पर भट्टे के पास से सहावर पुलिस ने एसओजी के साथ संयुक्त कार्रवाई करके बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ कर चार बाइक चोर गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 23 बाइक बरामद की हैं। दो चोरों के पास से तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार चोरों को पुलिस ने जेल भेज दिया।
एसओजी प्रभारी अनूप कुमार भारतीय, सर्विलांस प्रभारी मुकेश कुमार और सहावर एसओ राजकुमार सिंह बुधवार रात्रि करीब साढ़े नौ बजे गंजडुंडवारा रोड पर भट्टे के पास चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान दो बाइक चोर बबलू निवासी नगला भीकन थाना गंजडुंडवारा और अकरम निवासी मोहल्ला ददवारा अमांपुर को रोककर तलाशी लिया। उनके पास से दो तमंचा, कारतूस व चोरी की गई बाइक बरामद की गईं। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो अन्य घटनाओं की जानकारी मिली। उन्होंने बताया कि ग्राम जौहरी के पास एक बंद भट्टे में छिपाकर चोरी की कई बाइक रखी गई हैं। जिसकी रखवाली गिरोह के दो साथी राहुल निवासी नगला भीकन थाना गंजडुंडवारा और दिलीप निवासी धर्मपुर थाना सुन्नगढ़ी कर रहे हैं। पुलिस ने पूछताछ के आधार पर ग्राम जौहरी के बंद भट्टे पर कार्रवाई की। वहां से 22 चोरी की बाइक पुलिस टीमों ने बरामद कीं। दो बाइक चोर राहुल और दिलीप को गिरफ्तार किया गया। जबकि तीन बाइक चोर मौके से भागने में सफल हो गए। पुलिस ने गिरफ्तार बाइक चोरों के कब्जे से कुल 23 चोरी की बाइक बरामद की।
उधर बाइक चोर गिरोह के तीन चोर नंदे, भुल्लन एवं दुष्यंत उर्फ सोनू निवासी शेरपुर थाना अमांपुर पुलिस की कार्रवाई के दौरान भागने में सफल हो गए।