कासगंज। सिकंदरपुर वैश्य थाना क्षेत्र के गांव काली गढ़इया में तीन दिन पूर्व हुई विवाहिता की मौत के मामले में विवाहिता के पिता ने पति सहित 4 ससुरालीजन के खिलाफ अतिरिक्त दहेज के मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई है। मामले की विवेचना पटियाली सीओ विजय कुमार राणा को सौंपी गई है। पुलिस ने पति सहित 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मृतका शिल्पी के पिता राजवीर ने मामला दर्ज कराया। उनका आरोप है कि उनकी पुत्री की शादी पिछले वर्ष 18 फरवरी को आकाश निवासी काली गढ़इया के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही शिल्पी का पति आकाश और उसके परिजन विवाहिता को प्रताड़ित करने लगे और अतिरिक्त दहेज में दो लाख रुपये की मांग करने लगे। कई बार आकाश के परिजनों को समझाया गया, लेकिन वे नहीं माने। 4 जनवरी को विवाहिता शिल्पी की पिटाई करते हुए उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। जानकारी मिलने पर मायके पक्ष के लोग शिल्पी की ससुराल पहुंच गए। शिल्पी के पिता राजवीर ने पुलिस को घटना की तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आकाश, देवर विकास, नरेंद्र और सास मुन्नो देवी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस ने आरोपी पति आकाश, देवर विकास, नरेंद्र व सास मुन्नो देवी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सीओ पटियाली विजय राणा ने बताया कि दहेज हत्या के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। शीघ्र ही सभी साक्ष्य संकलित करते हुए न्यायालय में चार्जशीट दाखिल करने की कार्रवाई की जाएगी।