मैनपुरी। जिले में बुखार और डायरिया के साथ ही श्वांस और ह्दय के मरीजों की दिक्कतें बढ़ने लगी हैं। 24 घंटे में अलग-अलग क्षेत्रों में बुखार से बालक सहित दो मरीजों की मौत हो गई। डायरिया से पीड़ित 11 मरीज जिला अस्पताल में भर्ती कराए गए। हार्ट और सांस की दिक्कत के चलते दो अन्य ने दम तोड़ दिया। तीन को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया गया है।
शहर के निकटवर्ती गांव उद्दैतपुर अवही निवासी अवधेश कुमार के छह माह के पुत्र आरव को कुछ दिन से बुखार आ रहा था। शुक्रवार को परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां से मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर कर दिया गया। शनिवार को राहत मिलने पर परिजन उसे घर ले आए। रात में फिर से हालत बिगड़ी तो परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मोहल्ला सौतियाना निवासी 60 वर्षीय रामप्रकाश की तेज बुखार से दिमाग की नस फट गई। परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे यहां उपचार के कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। चांदेश्वर रोड निवासी 55 वर्षीय अरविंद को शनिवार की रात अचानक सांस लेने में दिक्कत हुई। परिजन लेकर जिला अस्पताल आए पर डॉक्टर बचा नहीं सके। मोहल्ला पंजाबी कॉलोनी निवासी नवनीत गुप्ता को शनिवार की रात हार्ट अटैक पड़ा। परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जिला अस्पताल में भर्ती एक मरीज की मौत हुई है। तीन मरीजों को मृत अवस्था में लाया गया था।
डॉ. अरविंद कुमार गर्ग, सीएमएस।