आगरा। चार मुकाबले, हर बार तीन-तीन विकेट...आंकड़ों की यह समानता अपने आप में खास है। आगरा की स्टार क्रिकेटर दीप्ति शर्मा ने एशिया कप 2026 और एशियन गेम्स 2026 के सेमीफाइनल व फाइनल में हर बार तीन-तीन विकेट लेकर अनोखा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। दोनों टूर्नामेंट के इन चार निर्णायक मुकाबलों में दीप्ति ने कुल 12 विकेट झटके और भारत की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई।
एशिया कप में 10 सितंबर को बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल में दीप्ति ने चार ओवर में 26 रन देकर तीन विकेट लिए। तीन दिन बाद 13 सितंबर को श्रीलंका के खिलाफ फाइनल में चार ओवर में 19 रन देकर तीन विकेट चटकाए।
एशियन गेम्स में भी कहानी नहीं बदली। 20 सितंबर को बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल में दीप्ति ने सिर्फ 2.4 ओवर में सात रन देकर तीन विकेट हासिल किए। मंगलवार 22 सितंबर को श्रीलंका के खिलाफ फाइनल में उन्होंने अपने प्रदर्शन को और निखार दिया। चार ओवर में एक मेडन डालते हुए महज छह रन देकर तीन विकेट झटक लिए। दीप्ति ने एशिया कप के पांच मैचों में 14 और एशियन गेम्स के तीन मैचों में सात विकेट लिए। दोनों टूर्नामेंट में कुल आठ मैचों में उनके नाम 21 विकेट रहे।
आगरा के क्रिकेट कमेंटेटर नरेंद्र शर्मा ने कहा कि सेमीफाइनल और फाइनल जैसे दबाव वाले मुकाबलों में लगातार चार मैचों में तीन-तीन विकेट लेना असाधारण निरंतरता है। दीप्ति ने सिर्फ विकेट नहीं लिए, बल्कि हर बड़े मुकाबले में टीम को निर्णायक सफलता भी दिलाई। ताजनगरी की दीप्ति के लिए यह रिकॉर्ड इसलिए भी खास है क्योंकि दोनों टूर्नामेंट में जब मुकाबला खिताब की ओर बढ़ा, उनकी गेंदों ने विपक्षी बल्लेबाजी की राह रोकने का काम किया। सेमीफाइनल हो या फाइनल दीप्ति के विकेटों का आंकड़ा हर बार एक जैसा रहा।