आगरा में बाईंपुर गोशाला के नजदीक पॉली क्लीनिक में चार सांड़ों के शव पड़े मिले। आसपास के लोगों का कहना था कि गोवंश की मौत देखरेख के अभाव में गोशाला में हुई है। वहीं पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ट्रक से बरामद किए गए गोवंश की मौत हुई थी, जोकि पॉली क्लीनिक में पोस्टमार्टम कराने के लिए रखे गए थे। बाद में पशु पालन विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मृत चार सांड़ों का पोस्टमार्टम कराकर दफनाया।
बाईंपुर में नंदीशाला और दो गोशालाएं हैं। सिकंदरा थाने की पुलिस ने शनिवार की देर रात टीएसएफ कट के पास से गोवंश से भरा ट्रक बरामद किया था। इसमें 25 गाय, बछड़े और सांड़ ठूंसे गए थे। पुलिस के घेराबंदी करने पर चालक भाग निकला था।
पुलिस गोवंश को लेकर गोशाला आई मगर पशु पालन विभाग के कर्मचारियों ने गायों को रखने से इनकार कर दिया। इसी दरम्यान चार सांड़ों की मौत हो गई। पुलिस ने उन्हें नंदी शाला के पास स्थित पॉली क्लीनिक में डाल दिया।