नामांकन दाखिल करते पूर्व मंत्री चौधरी बशीर
- फोटो : अमर उजाला
सुहाग नगरी से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में इस बार पूर्व मंत्री चौधरी बशीर अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। सोमवार को पूर्व मंत्री ने नामांकन दाखिल किया। वहीं भारतीय किसान परिवर्तन पार्टी से उपेंद्र सिंह, रामवीर ने सोमवार को नामांकन दाखिल किए हैं। सोमवार को नौ नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। 31 ने पर्चा खरीदा।
बसपा सरकार में पूर्व मंत्री रहे चौधरी बशीर अपना नामांकन पत्र दाखिल करने दोपहर को पहुंचे। उन्होंने सहायक रिटर्निंग आफीसर राजेश कुमार वर्मा के सामने नामांकन प्रस्तुत किया। चौधरी बशीर ने कांग्रेस विधायक गजाला के साथ निकाह किया था। इसके बाद वे यूपी में सुर्खियों में आए थे। उनके निकाह में मुलायम सिंह सहित कई बड़े नेता शामिल हुए थे। आगरा दक्षिण विधानसभा सीट से विधायक रहे चौधरी बशीर अब निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में भाग्य आजमाएंगे।
नामांकन दाखिल करने के बाद पूर्व मंत्री चौधरी बशीर ने कहा मुझे चार दिन से जिला प्रशासन की ओर प्रस्तावकों की प्रमाणित प्रति नहीं दी जा रही थी। मैंने चुनाव आयोग से शिकायत की है तब मैं नामांकन कर सका। सैफई परिवार के दोनों धुरंधर प्रो. रामगोपाल और शिवपाल सिंह यादव से मुझे जान का खतरा है। चुनाव के बीच में मुझ पर हमला हो सकता है।
नामांकन को काफी पुलिस बल तैनात रहा
सोमवार को एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह, सीओ जसराना ओपी सिंह, एसएचओ सुरेंद्र सिंह, कुलदीप सिंह के साथ ही काफी पुलिस बल तैनात रहा। इस दौरान नामांकन दाखिल करने सबसे पहले उपेंद्र सिंह भारतीय किसान परिवर्तन पार्टी से पहुंचे। निर्दलीय राजवीर सिंह ने नामांकन दाखिल किया।
सोमवार को नामांकन खरीदने वालों में निरंजन सिंह भारतीय जननायक पार्टी, हरी किशन भारतीय मजदूर जनता पार्टी, सुरेशचंद्र दक्ष, अंबरीशपाल सिंह, ओमवीर सिंह, होडल सिंह राना, बलवीर शंखवार, महेशचंद्र शर्मा, किशनलाल निर्दलीय आदि थे।