मैनपुरी-किशनी। केंद्र सरकार द्वारा हर घर तक गैस पहुंचाने के लिए शुरू की गई उज्ज्वला योजना में भी फर्जीवाड़ा शुरू हो गया है। किशनी क्षेत्र में एक ऐसा ही मामला सामने आया है। इसमें लाभार्थी की जानकारी के बिना ही उनके नाम पर कनेक्शन कर दिया गया। मामले की शिकायत मुख्यमंत्री से की गई है।
थाना क्षेत्र के गांव केशोपुर निवासी ऊषा भदौरिया का गैस कनेक्शन जासमई स्थित वैभव राज गैस एजेंसी पर है, लेकिन कुछ दिन पहले अचानक उनकी सब्सिडी बंद हो गई। जानकारी करने पर पता चला कि उनके नाम सीमावर्ती कन्नौज के विशुनगण स्थित गैस एजेंसी पर भी एक कनेक्शन है। जानकारी पर वे विशुनगण गैस एजेंसी पहुंचीं। यहां उन्होंने संचालक से कहा कि वह उनके नाम का कनेक्शन काट दें।
आरोप है उल्टा संचालक ने उन्हीं को धमकाना शुरू कर दिया। कहा 2200 रुपये दे जाओ और सामान ले जाओ। जब उन्होंने भारत पेट्रोलियम के उच्चाधिकारियों से इसकी शिकायत की, तो संचालक के गुर्गों ने ऊषा देवी को परिवार समेत जान से मारने की धमकी दे डाली। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर मामले की शिकायत की थी। इसके बाद जिला प्रशासन की ओर से चौकी पुलिस को जांच करने के आदेश दिए गए हैं।
ऐसे होता है फर्जीवाड़ा
विशुनगढ़ कस्बा मैनपुरी की सीमा से सटा हुआ है। इसका फायदा उठाकर एजेंसी संचालक द्वारा मैनपुरी जिले के लोगों के कनेक्शन कर दिए जाते हैं। इसकी जानकारी लाभार्थी को भी नहीं होती है। कनेक्शन का सामान बेचकर संचालक दो से ढाई हजार रुपये कमा लेते हैं। अगर जांच हो तो ऐसे कई मामले खुल सकते हैं।