अप्रैल 2017 से जीएसटी लागू होने पर फुटवियर से जुड़े कारोबारियों को राहत मिल सकती है। जीएसटी में फुटवियर टैक्स फ्री लिस्ट में शामिल हो सकता है। शनिवार को बीएसएनएल मैदान पर शुरू हुए लेदर फेयर ‘मीट एट आगरा-10’ का उद्घाटन करने आए केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने यह भरोसा दिया कि फुटवियर टैक्स फ्री लिस्ट में रखने का प्रयास होगा। महंगे जूते पांच फीसदी की लिस्ट में आ सकते हैं लेकिन गरीबों के लिए टैक्स फ्री ही रखने की कोशिश होगी।
लेदर, फुटवियर, कंपोनेंट एंड टेक्नोलॉजी फेयर मीट एट आगरा के 10वें संस्करण में लेदर फुटवियर उद्योग ने खुलकर अपनी समस्याएं रखीं। कारोबारियों से सीधे रूबरू हुए वित्त राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने उद्योग की ताकत और कमजोरी दोनों के बारे में पूछा और एक-एक कर हर सवाल का जवाब दिया।
जूता निर्यातक गोपाल गुप्ता, राजेश सहगल, व्यापारी गागन दास रामानी, टीएन अग्रवाल के सवालों पर कहा कि जीएसटी लागू होने से कारोबारियों के लिए सामान का ट्रांसपोर्टेशन, समय और खर्च बचने लगेगा। कैशलेस सोसायटी की ओर कदम बढ़ रहे हैं। ऐसे में कर्ज की दर बैंकों को एकदम नीचे लानी ही होंगी। उत्तर प्रदेश सरकार उन्हें जो भी सुझाव भेजेगी, उन पर बजट में कदम उठाए जाएंगे। मेघवाल ने बताया कि लेदर सेक्टर हो या अन्य कोई क्षेत्र, चीन से खतरा है लेकिन सरकार व्यापारियों की सभी समस्याओं को खत्म करने को तैयार है।
उद्यमियों को 500-1000 रुपये का नोट बंद होने से वेतन देने की जो दिक्कत हो रही है, उस पर वह सोमवार तक कोई हल निकाल लेंगे। एमएसएमई की लिमिट बढ़ाने, इन्वेस्टमेंट एलाउंस देने जैसे मसलों पर मंत्रालयों से चर्चा करेंगे
उन्होंने एफमेक सदस्यों के साथ तीनों ब्लॉक के मशीनरी, कंपोनेंट और टेक्नोलॉजी से जुड़े स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रदेश के खेलकूद एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री रामसकल गुर्जर, पूर्व मंत्री एवं सांसद रामशंकर कठेरिया, आईजी सुजीत पांडे, सीएलई वाइस चेयरमैन मुख्तारुल अमीन, निदेशक रमेश कुमार, सीएलआरआई निदेशक बी. चंद्रशेखर और एफडीडीआई चेयरपर्सन रेवती रॉय के साथ एफमेक अध्यक्ष पूरन डावर, राजेश सहगल, शाहरू मोहसिन आदि मंचासीन रहे।
शादी की परंपरा से जुड़े जूते पर खतरा नहीं
आगरा। केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने चुटीले अंदाज में कहा कि जूता हर शादी में जरूरी होता है। सालियों के चुराने और नेग देने की परंपरा से जुड़े जूते पर कोई खतरा नहीं है। व्यापारियों की मांग पर जूते को जीएसटी में या तो टैक्स फ्री सूची में रखा जाएगा या फिर न्यूनतम टैक्स श्रेणी में ही रखने का प्रयास होगा। मीट एट आगरा में व्यापारियों ने जो समस्याएं रखी हैं, उनका निदान उन्हें आगामी बजट में नजर आएगा। कौन से प्रावधान होंगे, इसका खुलासा वह नहीं करेंगे, लेकिन बजट में कई चीजें ऐसी होंगी, जिन्हें मीट एट आगरा में उठाया गया है।
गुप्ता ओवरसीज निर्यात में फिर रहे अव्वल
आगरा। मीट एट आगरा में सबसे ज्यादा निर्यात करने वाले उद्यमियों को सम्मानित किया गया। निर्यात में अव्वल रहे गुप्ता ओवरसीज के गोपाल गुप्ता को केंद्रीय वित्तराज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने सम्मानित किया। निर्यात में दूसरे स्थान पर विरोला इंटरनेशनल के संदीप सचदेवा रहे। तीसरे स्थान पर डावर फुटवियर के पूरन डावर को सम्मानित किया गया। कंपोनेंट सेक्टर में वर्सेटाइल एंटरप्राइजेज को पुरस्कृत किया गया।