कासगंज। गांव बस्तरमऊ में बृहस्पतिवार रात शादी समारोह में फूड प्वाॅइजनिंग की घटना की सूचना पर एसडीएम सहावर कोमल पंवार खाद्य विभाग की टीम के साथ बस्तर गांव पहुंची। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने दावत में परोसी गई पूड़ी, सब्जी आदि के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। साथ ही बचे खाद्य पदार्थ को नष्ट करा दिया। शादी में दावत खाने के बाद 50 से अधिक लोगों की तबीयत बिगड़ गई थी। उन्हें गंजडुंडवारा, जिला अस्पताल और निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सहावर तहसील क्षेत्र के गांव बस्तरमऊ में फूड प्वाॅइजनिंग की घटना श्यामबाबू की बेटी मोरवती के शादी समारोह के प्रीतिभोज में हुई थी। श्यामबाबू ने गांव के लोगों के लिए अलग दावत का इंतजाम किया था। बरात के लिए अलग से वस्वस्था की गई थी। यह घटना घराती पक्ष की दावत में हुई। जिसमें पूड़ी, मेथी-आलू की सब्जी, आलू की सब्जी व अन्य खाद्य पदार्थ तैयार किए गए थे। भोजन करने के बाद 50 से अधिक लोगों को उल्टी व घबराहट की शिकायत होने लगी और नशे जैसी स्थिति बनने लगी। इनमें पुरुषों के अलावा महिलाएं व बच्चे भी थे। गंजडुंडवारा में 22 पीड़ितों का उपचार किया गया। सात लोगों की हालत खराब होने पर जिला अस्पताल भेजा गया। शेष पीड़ितों का सांई अस्पताल गंजडुंडवारा व अन्य निजी चिकित्सकों के यहां इलाज किया गया। जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम कोमल पंवार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अवधेश पाराशर टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जहां खाद्य पदार्थों के नमने लेकर उन्हें नष्ट करा दिया गया। उपचार के बाद रात को ही सभी पीड़ितों को घर भेज दिया गया।