सर्दी की शुरुआत के साथ ही ट्रेनों के देर से चलने का सिलसिला शुरू हो गया है। आगरा कैंट स्टेशन पर रविवार को कई ट्रेनें देरी से पहुंची। ट्रेनों के इंतजार में यात्रियों को परेशान होना पड़ा।
श्री गंगानगर-नादेड़ एक्सप्रेस को आगरा कैंट स्टेशन पर रात 1 बजकर 20 मिनट पर पहुंचना था, लेकिन ट्रेन 2 बजकर 3 मिनट में पर पहुंची। वहीं उत्कल एक्सप्रेस का समय दोपहर 2 बजकर 24 मिनट है, लेकिन यह 4 बजकर 45 मिनट पर पहुंची। इसी तरह नादेड़ एक्सप्रेस 43 मिनट, मालवा एक्सप्रेस लगभग 3 घंटे देरी से पहुंची। इसके अलावा अन्य ट्रेनें भी देरी से चल रही हैं।
ट्रेनों के देरी से चलने के कारण परेशान यात्रियों ने कहा कि ट्रेनों की सही जानकारी समय पर न मिलने से असुविधा होती है। कई यात्रियों ने तो अपनी यात्रा में भी बदलाव कर लिया। पीआरओ प्रशस्ति श्रीवास्तव का कहना है कि धुंध और विभिन्न रूटों पर ट्रैफिक जाम आदि की वजह से गाड़ियों का संचालन प्रभावित हुआ है।
ट्रेनों का संचालन सामान्य करने के लिए कंट्रोल रूम लगातार निगरानी कर रहा है। यात्रियों को अनाउंसमेंट तथा डिस्प्ले बोर्ड के माध्यम से अपडेट दिए जा रहे हैं। वहीं यात्रियों ने मांग की है कि रेलवे समय से सूचना उपलब्ध कराए, जिससे परेशानी कम हो सके।