आगरा की जनता को जल्द ही डे-नाइट मैच देखने का अवसर मिलने जा रहा है। इसकी तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। डॉ. सूरजभान क्रिकेट एकेडमी, रोहता में इसकी तैयारियां चल रही हैं।
मैदान के चारों दिशाओं में फ्लड लाइट टॉवर खड़े किए जा रहे हैं। एक फ्लड लाइट टॉवर पर आठ से दस लाइटें लग रही हैं। आगरा के क्रिकेट इतिहास में इस कदम को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
हालांकि शहर में पहले भी डे-नाइट मैच होते रहे हैं, लेकिन हर एक मैच में अस्थायी लाइट्स का ही प्रबंध हो पाता था। साथ ही मैदान में ही पवेलियन की व्यवस्था की जा रही है।
फ्लड लाइटें लगने का काम 30 मई तक पूरा हो जाएगा। यहां चल रहे आगरा क्रिकेट एकेडमी कैंप में आने वाले बच्चे भी फ्लड लाइट में ही क्रिकेट के गुण सीखेंगे।
आगरा में इस तरह के पहले मैदान को लेकर क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ियों में काफी जोश है। क्रिकेट कमेंट्रेटर नरेंद्र शर्मा का कहना है कि निश्चित ही ऐसे मैदान में शहर के क्रिकेटरों को क्रिकेट खेलने में काफी आनंद मिलेगा।
क्रिकेटर ध्रुव जुरैल का कहना है कि दिन में मैच काफी खेले हैं। अब अपने ही शहर में दूधिया रोशनी में मैच खेलने में मजा आएगा।
डा. सूरजभान क्रिकेट एकेडमी के कोच मोहम्मद अखलाक ने बताया कि शहर में दूधिया रोशनी के मैदान का लंबे अर्से से इंतजार था।अब शहर में दूधिया रोशनी में क्रिकेट खेली जाएगी।
कैंप में आने वाले बच्चों के लिए भी डे-नाइट कैंप की व्यवस्था की जा रही है। दूधिया रोशनी से नहाने वाला यह मैदान शहर की क्रिकेट में मील का पत्थर साबित होगा।
जून में होगा पहला अंडर-19 डे-नाइट मैच
फ्लड लाइट मैदान शुरू होने में भले ही अभी 12 दिन बाकी हैं, लेकिन इससे पहले ही यहां पहला अंडर-19 मैच कराने की तैयारी शुरू हो चुकी है।
डॉ. सूरजभान क्रिकेट एकेडमी के प्रेम प्रकाश, तपेश शर्मा और फैजल रईस का कहना है कि टूर्नामेंट को लेकर बातचीत का दौर शुरू हो चुका है।
जून के प्रथम सप्ताह में टूर्नामेंट शुरू कराया जाएगा। यह आगरा का स्थायी फ्लड लाइट में खेले जाने वाला पहला टूर्नामेंट होगा।