आन-बान-शान, हमारे तिरंगे की अनोखी पहचान। कुछ ऐसा ही जज्बा लेकर अजीत नगर के दुकानदारों ने 26 जनवरी, 2018 को तिरंगा चौक, अजीत नगर पर प्रतिदिन तिरंगा फहराने और राष्ट्रगान का संकल्प लिया था। तब से आंधी, तूफान में भी तिरंगा चौक पर प्रतिदिन तिरंगा फहराया जा रहा है। तेलंगाना में हर रोज राष्ट्रगान की प्रेरणा लेकर चार साल पहले आगरा लौटकर आए अजीत नगर के दुकानदारों के संकल्प को 15 अगस्त को 1663 दिन पूरे हो जाएंगे। खास बात यह है कि राष्ट्रगान के दौरान वहां से गुजरने वाले राहगीर भी राष्ट्रगान का हिस्सा बन जाते हैं। अजीत नगर के रहने वाले मुकेश शर्मा का कहना है कि दिन की शुरुआत राष्ट्रभक्ति से होती है। पूरे दिन मन राष्ट्र भावना से ओतप्रोत रहता है।
वर्ल्ड रिकॉर्ड इंडिया बुक में है दर्ज है नाम
तिरंगा चौक का नाम वर्ल्ड रिकॉर्ड इंडिया बुक में दर्ज हो चुका है। वर्ल्ड इंडिया रिकॉर्ड बुक के संपादक पवन सोलंकी और शर्मिला ने अजीत नगर बाजार कमेटी के अध्यक्ष राजेश यादव को प्रमाणपत्र और मेडल प्रदान किया था।
हमारा संकल्प हमारी ताकत
अजीत नगर बाजार कमेटी के अध्यक्ष राजेश यादव का कहना है कि हमारा संकल्प हमारी ताकत है। इसलिए आने वाले दिनों में तिरंगा चौक पर झंडारोहण अनवरत रूप से चलता रहेगा।
घरों और दुकानों पर दिखेंगे 400 तिरंगे
कमेटी के महामंत्री मनोज नोतनानी का कहना है कि नगर निगम से 400 तिरंगे मांगे गए हैं। इन तिरंगों को पूरे बाजार के अलावा लोग अपने घरों में भी लगाएंगे। साथ ही कमेटी के सभी सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।
दस बजे राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत होता है क्षेत्र
अजीत नगर की रहने वाली भावना देवी का कहना है कि पूरा क्षेत्र हर रोज सुबह दस बजे राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत दिखता है। मेरे परिवार का कोई न कोई सदस्य राष्ट्रगान में हर रोज शामिल होता है।