नगर निगम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाई कर्मियों को सम्मानित करते मेयर और नगर आयुक्त।
आगरा। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत नगर निगम ने सदन कक्ष के साथ सभी जोन कार्यालयों में सफाई मित्रों को सम्मानित करने के साथ ही उन्हें सफाई किट प्रदान की। उत्कृष्ट कार्य करने वाले हर वार्ड के पांच सफाई मित्रों को प्रमाण पत्र एवं पटुका पहना कर सम्मानित किया गया।
हरीपर्वत जोन का कार्यक्रम नगर निगम सदन कक्ष में आयोजित किया गया, जिसमें मेयर हेमलता दिवाकर और नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने सफाई व्यवस्था में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कर्मचारियों को माला पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। कर्मचारियों को उपहार के साथ ही साथ ईएसआई कार्ड भी प्रदान किए गए। मेयर हेमलता दिवाकर ने कहा कि सफाई कर्मियों के वेतन में वृद्धि के साथ ही उन्हें कार्यस्थल पर सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया जा रहा है। उनके इलाज के लिए सहायता, राशन कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड और कैशलेस स्वास्थ्य योजना समेत अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम स्तर पर कैंप लगाए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजीव वर्मा आदि सहित वरिष्ठ पार्षद शरद चौहान, प्रदीप अग्रवाल, अमित सिंह पटेल, विक्रांत कुशवाहा आदि मौजूद रहे।
471 कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया
चारों जोनल कार्यालयों पर हुए कार्यक्रम में करीब 471 सफाई मित्रों के स्वास्थ्य परीक्षण कर दवा वितरण, आयुष्मान कार्ड, नमस्ते योजना कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना आदि योजनाओं का फायदा दिलाया गया।