मैनपुरी की जिला जेल में बंद पांच और बंदियों में एचआईवी के लक्षण मिले हैं। बंदियों को दूसरे चरण की जांच के लिए अस्पताल बुलाया गया है। वहीं, जिला अस्पताल में दर्ज रिकार्ड के अनुसार जेल में छह माह में 12 बंदियों को एचआईवी पॉजिटिव पाया गया है।
जनवरी से लेकर अब तक हुई जांच में लगातार एचआईवी पॉजिटिव बंदियों की संख्या बढ़ी है। जून में जिला जेल में हुई बंदियों की स्क्रीनिंग की गई। जांच टीम के प्रभारी नर सिंह राठौर बताते हैं कि अभी हाल ही में जिला जेल में बंदियों की स्क्रीनिंग के दौरान प्रथम चरण की जांच में पांच और बंदियों में एचआईवी पॉजिटिव निकला है।
सभी को वृहद स्तर की जांच के लिए जिला अस्पताल बुलाया गया है। इसके लिए कारागार अधीक्षक को टीम ने अपनी रिपोर्ट भेज दी है। उधर, जेल में बंद बंदियों में से चार की पत्नियों को जांच के लिए अस्पताल आने की जानकारी दी गई थी। लेकिन अस्पताल के सूत्र बताते हैं कि अभी तक एक भी बंदी की पत्नी एचआईवी की जांच के लिए अस्पताल नहीं पहुंची है।