बासौनी में भैंस चोरी की रकम का बटवारा कर रहे 5 बदमाश गिरफ्तार
- फोटो : Agra Dehat
बाह। पुलिस ने बुधवार को अभयपुरा चौराहे पर चोरी की भैंसें बेचकर रकम का बंटवारा कर रहे पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया। उनके पास से दो तमंचे, पिकअप गाड़ी और 20 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने एक और साथी का नाम पुलिस को बताया है।
पुलिस के मुताबिक रविवार रात बासौनी के बाघराजपुरा गांव के चौकीदार किशन लाल की दो भैंस चोरी हो गई थी। पुलिस चोरों की तलाश में लगी थी। इधर, बुधवार को अभयपुरा चौराहे पर भैंस चोर रकम का बंटवारा कर रहे थे। बंटवारे के दौरान विवाद होने पर पुलिस ने पूछताछ की तो बदमाश भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर जोमर्दपुरा निवासी भोला गुर्जर और बाघराजपुरा निवासी भूरा, संजू व भगवानपुरा निवासी होम सिंह, सिजवारीपुरा निवासी विनोद को पकड़ा।
बदमाशों के कब्जे से दो तमंचे, चोरी में प्रयुक्त मैक्स वाहन, भैंस बिक्री के बाद बचे 20 हजार रुपये बरामद किए गए। एसओ बासौनी आलोक कुमार दीक्षित ने बताया कि बदमाशों ने चित्राहाट के नौगवां के भूरा खान के साथ गैंग बनाया था। बाघराजपुरा के अलावा जैतपुर में नहर की पटरी से एक पड़िया और एक भैंस चोरी की थी। चोरी की गई भैंसें छलेसर में कट्टीघर संचालक को बेच दी थी।
एसओ ने बताया कि पूछताछ में यह भी पता चला है कि गैंग का एक बदमाश भूरा खान दस हजार रुपये लेकर वहीं रुक गया था। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।