फिरोजाबाद के शिकोहाबाद क्षेत्र के नौशेहरा गांव पटाखे के गोदाम में भीषण विस्फोट हुआ। इस हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत की सूचना है। इस हादसे के बाद सोमवार सुबह भी टीम बचाव कार्य में जुटी रहीं। वहीं परिवार के लोगों ने हादसे में मृत लोगों के शवों को नहीं उठने दिया। वे लोग मुआवजे की मांग कर रहे थे। जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया, जिसके बाद मामला शांत हो सका।
सोमवार रात में हुए पटाखा गोदाम में धमाके की खबर सुनकर दूर-दूर से लोग घटना स्थल पर दौड़ पड़े। नौशहरा निवासी इरसाद ने बताया कि सभी लोग घर पर लेटे हुए थे, तभी अचानक जोर का धमाका हुआ। धमाके से घर में लगी टीवी, खिड़कियां लेंटर, दरवाजे तक उखड़ गये थे। घटना के बाद लोग घरों से निकलर बाहर की तरफ दौड़ पड़े। सैकड़ों की तादात में लोग सड़क पर अपने परिवार के साथ डर के साए में इधर-उधर जान बचाने के लिए दौड़ लगा रहे थे। एसएसपी, डीएम, एसडीएम, सीओ सहित जिले के तमाम अधिकारी रात भर घटना स्थल पर डटे रहे। वहीं देर रात आगरा से एनडीआरएफ की टीम भी घटना स्थल पर पहुचीं और बचाव कार्य शुरू कर दिया।
ये बचाव कार्य मंगलवार सुबह भी जारी रहा। इस दौरान हादसे में मृत लोगों के शव को परिवार के लोगों ने नहीं उठने दिया। मुआवजे की मांग की जा रही थी। जिलाधिकारी ने लोगों को आश्वासन दिया कि मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतक के परिवारीजनों को चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि दिलाई जाएगी, इसके बाद मामला शांत हो सका।
कई वर्षों से पुलिस की नाक के नीचे चल रहा पटाखे का कारोबार
कई वर्षों से नौशहरा में पटाखों का कारोबार किया जा रहा है। कोई घर में तो कोई नौशहरा से कुछ किलोमीटर दूर कारोबार कर रहा है, लेकिन आठ साल पहले हुए धमाके में चार लोगो की मृत्यु हो जाने के बाद भी पुलिस पटाखो के अवैध कारोबार को बंद नहीं करा पाई। ग्रामीणों ने बताया कि फायर ब्रिगेड से लेकर कई अधिकारियों को पता था कि घनी आबादी में अवैध पटाखों का कारोबार किया जा रहा है। उसके बाद भी प्रशान और पुलिस ने अवैध पटाखों के करोबार करने वालो पर कोई कार्रवाई नहीं की।