मैनपुरी: जिला अस्पताल में भर्ती बुखार के मरीज
- फोटो : अमर उजाला
मैनपुरी में बुखार से मरने वालों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। 24 घंटे में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में दो किशोरियों सहित पांच लोगों की मौत हो गई। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में 27 मरीजों को भर्ती कराया गया जबकि 55 को छुट्टी दी गई।
कोतवाली थाना क्षेत्र के गांव परोंख निवासी रामगोपाल की 70 वर्षीय पत्नी रेशमा देवी को कुछ दिन से बुखार आ रहा था। परिजनों ने शनिवार को उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। रात में उनकी मौत हो गई। वहीं कोतवाली थाना क्षेत्र के नगला जुला निवासी मनोज कुमार की 13 वर्षीय पुत्री मोनिका की बुखार से रविवार को हालत बिगड़ी तो परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
रविवार को जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
एलाऊ निवासी 62 वर्षीय विशंभर दयाल को पिछले कुछ दिन से बुखार आ रहा था। परिजन निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। रविवार को हालत बिगड़ने पर परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। कोतवाली थाना क्षेत्र के गांव बुर्रा निवासी रामचंद्र की 15 वर्षीय पुत्री मोनिका को कई दिन से बुखार आ रहा था। रविवार को ज्यादा हालत बिगड़ी तो परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टर जान नहीं बचा सके। वहीं कुरावली थाना क्षेत्र के गांव नगला लक्ष्मण निवासी लालता प्रसाद के 35 वर्षीय पुत्र सुजीत कुमार को बुखार आने पर परिजन निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। रविवार को हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
आगरा: जिला जेल की विशेष बैरक में राजद्रोह के आरोपी कश्मीरी छात्र, पढ़िए घटनाक्रम