कासगंज। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव अग्रवाल ने सोरोंजी स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण में स्वास्थ्य केंद्र पर काफी अनियमितताएं मिली। चिकित्सक सहित पांच कर्मी अनुपस्थित मिले। इनका एक दिन का वेतन काटने की कार्रवाई की गई। स्टॉक रजिस्टर नहीं दिखा पाने पर फार्मासिस्ट का अग्रिम आदेश तक वेतन रोकने के आदेश दिए गए। निरीक्षण के दौरान डॉ. दिव्यप्रकाश, स्वीपर कम चौकीदार शेखर, वार्ड ब्यॉय संजय, ओटी टेक्नीशियन दुष्यंत, एवं सोशल ओटी टेक्नीशियन अनुपस्थित पाए गए। अधीक्षक सोरों को अनुपस्थित कर्मिकों के संबंध में चेतावनी देते हुए अनुपस्थित दिवस का वेतन आहरित नहीं करने के निर्देश दिए गए। चिकित्सालय में साफ-सफाई व्यवस्था अच्छी नहीं पाई गईं। एएनएम का विगत आठ माह का टीबीआई भुगतान नहीं किए जाने के कारण ब्लॉक लेखा प्रबंधक को तत्काल स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश देते हुए अग्रिम आदेशों तक वेतन आहरित नहीं किए जाने के निर्देश दिए गए। स्टोर का निरीक्षण किया गया, स्टोर इंचार्ज पंकज गौतम फार्मासिस्ट स्टॉक रजिस्टर उपलब्ध नहीं करा पाए। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए फार्मासिस्ट को कड़ी चेतावनी देते हुए उनका वेतन अग्रिम आदेशों तक रोकने के निर्देश दिए तथा नौ अप्रैल तक मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में रजिस्टर सहित उपस्थित होने हेतु निर्देशित किया गया। इस दौरान यूनीसेफ डीएमसी पूर्णेंद्र शुक्ला मौजूद रहे।