टूंडला। टूंडला ब्लाक के गांव पहाड़ीपुर-भौडेला में संचालित गोशाला का विधायक ने निरीक्षण किया। उन्हें पांच गायों के शव मिले जो गर्मी व भूख-प्यास से दम तोड़ चुके थे। दो दिन से गोशाला में पड़े शवों का अंतिम संस्कार कराते हुए उन्होंने कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। तहसीलदार ने बीडीओ, ग्राम पंचायत अधिकारी व प्रधान के विरूद्ध कार्रवाई के लिए रिपोर्ट डीएम को भेजी है।
गोशाला में करीब दो सौ गाय हैं, इन्हें न तो हरा चारा मिल रहा है और न ही भरपेट भूसा। पानी की भी ठीक व्यवस्था नहीं है। भीषण गर्मी से बचाव को भी इंतजाम नहीं हैं। पिछले दो दिन में भूख-प्यास व गर्मी से पांच गोवंशों ने दम तोड़ दिया। केयर टेकर ने गायों के मरने की किसी को सूचना नहीं दी।
बुधवार को अचानक विधायक प्रेमपाल सिंह धनगर व तहसीलदार डॉ.संतराज सिंह गोशाला का निरीक्षण करने पहुंचे तो अव्यवस्थाएं देख दंग रह गए। थोड़ा सा भूसा व सरसों की तूरी सहित मृत पांच गायों के शव पड़े हुए थे। तहसीलदार ने एडीओ को बुलाकर मृत गायों का अंतिम संस्कार करवाया।
गोशाला के केयर-टेकर ने गायों की मौत की कोई सूचना नहीं दी। विरोधियों द्वारा उन्हें बदनाम करने को साजिश रची जा रही है। वह गायों के लिए भूसा लेकर आए थे, तब जानकारी हुई।
राजकुमार-प्रधान प्रतिनिधि, पहाड़ीपुर भोंडेला
गोशाला में गायों का मृत पाया जाना बेहद दुखद है। प्रतिदिन गोशालाओं का निरीक्षण करुंगा। गायों को यूं ही नहीं मरने दिया जाएगा। गायों के मृत पाए जाने पर तहसील प्रशासन को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है।
प्रेमपाल सिंह धनगर, विधायक
गोशाला में गोवंश के मृत पाए जाने पर वीडीओ, सेक्रेटरी व प्रधान के विरुद्ध कार्रवाई की संतुति करते हुए रिपोर्ट डीएम को भेजी गई है। बीडीओ प्रेमपाल सिंह, ग्राम पंचायत अधिकारी अनुराज सिंह व ग्राम प्रधान फूलश्री के विरूद्ध कार्रवाई की जा रही है।
डॉ. संतराज सिंह, तहसीलदार