सूरत अग्निकांड से सबक लेकर आगरा जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रशासन की टीम ने शनिवार को कई कोचिंग सेंटरों को सील कर दिया। ये कोचिंग सेंटर मानकों की अनदेखी कर चलाए जा रहे थे। वहीं 22 बरात घर भी चिन्हित किए गए हैं। इस कार्रवाई से कोचिंग संचालकों और बरात घर मालिकों में हड़कंप मचा हुआ है।
दरअसल, पिछले दिनों आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) की ओर से आवासीय भवनों में संचालित कोचिंग सेंटर संचालकों को नोटिस जारी किए गए थे। कई कोचिंग संचालकों ने नोटिस का जवाब नहीं दिया और न ही कोई सुधार लाया गया। इन पर कार्रवाई के लिए प्रशासन ने दो टीमें बनाईं। इन टीमों ने शनिवार से कार्रवाई शुरू कर दी।
पहले दिन थाना न्यू आगरा क्षेत्र में पांच कोचिंग सेंटरों को सील किया गया। ये कोचिंग सेंटर फायर सेफ्टी और आवासीय मानकों की अनदेखी कर चलाए जा रहे थे। कई कोचिंग सेंटर इमारतों की दूसरी या तीसरी मंजिल पर हैं। आपात स्थिति में बाहर निकलने का दूसरा रास्ता भी नहीं है।