लॉकडाउन खुलने के बाद आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में सबसे पहले स्तन कैंसर का ऑपरेशन हुआ। तीन दिन में 25 से अधिक फोन आए, जिसमें से कैंसर के मरीजों की केस स्टडी कर कोरोना वायरस, रक्त संबंधी और अल्ट्रासाउंड की जांच कराके ऑपरेशन की तारीख दे रहे हैं।
कैंसर सर्जरी की हेल्प लाइन नंबर पर 25 फोन आए, जिसमें से स्तन कैंसर, ट्यूमर, गले के कैंसर के अलावा पथरी, अपेंडिक्स समेत अन्य के ऑपरेशन कराने के लिए फोन किए। इसमें से कैंसर मरीजों को तारीख देकर उनको अभी तक जांच और इलाज के पर्चे देकर बुलाया। इनमें कोरोना वायरस, रक्त संबंधी जांच कराई गई।
इनको ऑपरेशन की तिथि देकर तय दिन आने के लिए कहा गया है। इन मरीजों में से शनिवार को टूंडला निवासी 45 साल की महिला का स्तन कैंसर का ऑपरेशन किया है। यह तीन साल से स्तन कैंसर की बीमारी से जूझ रही थी।
ऑपरेशन करने वाली टीम में सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. रिचा जैमन, डॉ. अनुभव गोयल, डॉ. अमित कुमार, डॉ. जितेंद्र, डॉ. शीतल, डॉ. संदीप राय, एनेस्थीसिया से डॉ. स्नेहिल, डॉ. साधना और डॉ. अनामिका मिश्रा शामिल रहे।
तीन विभागों की बनाई गई है टीम
ऑपरेशन के लिए एसएन कॉलेज में तीन विभाग के विशेषज्ञों की टीम बनाई गई है। इसमें सर्जरी विभाग, एनेस्थीसिया विभाग और कैंसर विभाग के चिकित्सक शामिल हैं। कैंसर विभाग के चिकित्सक मरीज की परेशानी का आकलन कर सर्जरी की एडवाइस करेंगे। इनकी रोस्टर प्लान के तहत ड्यूटी रहेगी।
रोज दो से चार ही हो पाएंगी सर्जरी
रोजाना दो से चार मरीजों के ही ऑपरेशन हो पाएंगे। ऐसे में ऑपरेशन कराने वाले मरीजों की पेंडेंसी बढ़ेगी। टीम को कैंसर के अलावा इमरजेंसी में आने वाले मरीजों के भी ऑपरेशन करने हैं। बीते महीने मई में इमरजेंसी में आए 17 मरीजों के ऑपरेशन किए गए हैं।