फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में प्रेमिका के परिवार वालों से जान बचाने के लिए नहर में कूदे युवक की डूबकर मौत हो गई। 24 घंटे बाद पुलिस ने युवक का शव बरामद कर लिया है।
घटना बुधवार दोपहर की है। प्रेमी-प्रेमिका को युवती के परिजनों रोडवेज बस स्टैंड पर पकड़ लिया और जीप में बैठा कर भूड़ा नहर पुल के पास ले गए। जहां उसे बेरहमी से पीटा गया।
जान बचाने के लिए युवक ने नहर में छलांग लगा दी। पुलिस, फायर ब्रिगेड कर्मचारी उसकी तलाश कर रहे थे। देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चला। गुरुवार की सुबह बंसीपुरम के पास नहर में युवक का शव मिला है।
युवक को बेरहमी से पीटा
घटनास्थल पर पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
थाना नसीरपुर के गांव वाकलपुर निवासी युवक आकाश (20) पुत्र शिशुपाल दिवाकर लुधियाना में कपड़ों पर स्त्री करने का काम करता है। आठ दिन पूर्व वो घर आया था। चार दिन पूर्व घर से लुधियाना जाने की कह कर निकला था।
बुधवार की सुबह थाना पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक और युवती के साथ कुछ लोग नहर के पास मारपीट कर रहे थे। इसी दौरान युवक ने नहर में छलांग लगा दी।
जब युवती कूदने लगी तो उसे परिवारीजनों ने उसे पकड़ लिया और अपने साथ ले गए। सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड कर्मचारी मौके पर पहुंचे और नहर में कांटा डाल कर तलाश शुरू कर दी।
हत्या कर शव फेंकने का आरोप
उधर, युवक के नहर में कूदने की जानकारी होने पर परिजन रोते बिलखते भूड़ा नहर पहुंचे। युवक के पिता ने बताया कि सुबह उसके रिश्तेदार ने फोन पर आकाश की तबीयत खराब और वो भूड़ा नहर पुल के पास होना बताया था।
उसके बाद उसने फोन नहीं उठाया। शिशुपाल ने रिश्तेदार और उसके बेटों पर मारपीट कर नहर में फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।