फर्रूखाबाद में अपने दादा की अस्थियां विसर्जित करने गए फिरोजाबाद के एक युवक की गंगा में डूबकर मौत हो गई। युवक पिता के साथ फर्रूखाबाद गया था। गंगा में नहाते वक्त हादसा हो गया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
फिरोजाबाद के कठफोरी निवासी युवक शिव प्रताप सिंह के दादा की कुछ दिन पहले मौत हो गई थी। रविवार को शिव प्रताप अपने पिता के साथ दादा की अस्थियां गंगा में विसर्जित करने के लिए फर्रूखाबाद गया था। अस्थि विसर्जन के बाद पिता-पुत्र गंगा में स्नान करने लगे।
इसी दौरान शिव प्रताप का गहरे पानी में चल गया। बेटे के डूबता देख पिता ने शोर मचाया। जब तक गोताखोर मौके पर पहुंचते तब तक शिव प्रताप डूब गया। काफी देर बाद गोताखोर उसे गंगा से बाहर निकाल पाए, लेकिन तब तक शिव प्रताप की मौत हो चुकी थी।
बेटे की मौत के बाद पिता फफक फफक कर रोने लगे। सूचना पर परिजन रोते-बिलखते फर्रूखाबाद पहुंचे। वे शव लेकर फिरोजाबाद आए। शिव प्रताप का चयन एयरफोर्स में हो गया था। मई माह उसे ज्वाइन करना था, लेकिन उससे पहले उसकी मौत हो गई।