फ़िरोज़ाबाद में पुलिस से हाथापाई के आरोपी भाजपा कार्यकर्ताओं के घर पर दबिश जारी हैं। पुलिस ने एक आरोपी का घर सीज कर दिया। शुक्रवार को जुमे का दिन होने के कारण शहर भर में अलर्ट जारी कर दिया गया है।
बता दें कि फिरोजाबाद में थाना उत्तर के विवेकानंद चौराहे पर शुक्रवार को समुदाय विशेष के युवकों की पिटाई की खबर पाकर पहुंचे थाना प्रभारी से भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाथापाई कर दी थी। अपशब्द बोलते हुए उनकी वर्दी खींची और पकड़े गए दो युवकों को जीप से उतारकर साथ ले गए।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवक दूसरे समुदाय के दो युवकों को पीट रहे हैं। घटनास्थल पर आकर थाना प्रभारी ने दो युवकों को हिरासत में लेकर जीप में डाल दिया। इस पर वहां मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस का विरोध शुरू कर दिया। थाना प्रभारी लोकेश भाटी ने सख्ती दिखाई तो भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनसे खींचतान शुरू कर दी।
भाटी ने पुलिस अधिकारियों को सूचना दी तो मौके पर एसपी सिटी राजेश कुमार और सीओ अरुण कुमार सहित थाना प्रभारी निरीक्षक दक्षिण विनोद कुमार, थानाध्यक्ष रामगढ़ भानुप्रताप सिंह, रसूलपुर वीरेंद्र कुमार सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।