फिरोजाबाद की थाना उत्तर पुलिस एवं क्राइम ब्रांच टीम को एक बड़ी सफलता मंगलवार शाम मिली है। अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के चार सदस्यों को दबोच लिया, जबकि उनके चार साथी भागने में सफल रहे। उनके कब्जे से विभिन्न राज्यों से चोरी की 28 बाइकें, एक कार सहित दो तमंचा, कारतूस और चाकू बरामद किया है।
एसएसपी डा. मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस टीम को सूचना मिली कि जलेसर रोड पर स्थित गोपाल नगर के पीछे अनिल पंडित के खाली प्लाट में चोरी एवं लूट की मोटरसाइकिलों को बिक्री के लिए एकत्रित किया जा रहा है। पुलिस टीम ने तत्काल ही छापेमारी की व बाइक चोरों की घेराबंदी की।
पुलिस पर फायरिंग करते गिरोह के चार साथी भाग गए, जबकि चार को दबोच लिए गए। थाना दक्षिण के सुहागनगर निवासी अंशुल यादव पुत्र जगत प्रसाद यादव, मनोज कुमार पुत्र राममहेश कुशवाह, थाना उत्तर के परशुराम कालोनी निवासी अमित पुत्र रामप्रकाश बढ़ई व टापा पैठ निवासी शिवम उर्फ भल्ला पुत्र करन सिंह शामिल हैं।