मंदिर परिसर के अंदर घुसकर 35 साल पहले फिरोजाबाद के तत्कालीन ब्लाॅक प्रमुख व उनके अंगरक्षक की आरोपियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। मुकदमे की केस डायरी भी नहीं थी। अदालत ने सुनवाई के दौरान प्रत्यक्षदर्शी और वादी की गवाही को अहम साक्ष्य माना। एडीजे-15 राजीव कुमार पालीवाल ने फिरोजाबाद के थाना उत्तर के मोहल्ला गंज निवासी संजय दीक्षित को दोषी पाते हुए आजीवन कारावास और 75 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुना दी। ठोस साक्ष्य के अभाव में आरोपी अशोक दीक्षित को बरी कर दिया। तीसरे आरोपी अजय उर्फ पप्पू दीक्षित की पत्रावली अलग कर दी गई।
फिरोजाबाद के थाना उत्तर क्षेत्र, गांधी नगर निवासी तत्कालीन ब्लाॅक प्रमुख चौधरी सनक सिंह यादव अंगरक्षक के साथ 25 अगस्त 1989 को सुबह गोपाल आश्रम मंदिर पूजा करने गए थे। करीब 10:30 बजे पहले से घात लगाए आरोपी संजय दीक्षित, अजय उर्फ पप्पू दीक्षित व अन्य ने उन पर गोलियां बरसाना शुरू कर दिया। अंगरक्षक श्रीनिवास, चौधरी सनक सिंह को बचाने के लिए उनके आगे आ गए। हमले में 6 गोली अंगरक्षक और दो गोलियां सनक सिंह को लगीं।
श्रीनिवास की सात दिन बाद और चौधरी सनक सिंह की डेढ़ साल के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने 4 दिसंबर 1989 को तीनों आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। बाद में आरोपी अजय उर्फ पप्पू दीक्षित ने अदालत में घटना के समय खुद को भिंड जेल में निरुद्ध होने के साक्ष्य दिए।
तब अदालत ने संजय दीक्षित और अशोक दीक्षित की पत्रावली अलग कर दी गई। 15 अप्रैल 1993 को आरोपी अजय के खिलाफ फिर से चार्जशीट दाखिल हुई। अधिवक्ता मोहित यादव ने बताया कि तत्कालीन एडीजीसी जमील मिर्जा ने आरोपियों को बचाने के चक्कर में केस डायरी को सीजेएम के सुपुर्द ही नहीं किया था। इसके बाद भी अदालत ने प्रत्यक्षदर्शी राम स्नेही और वादी बिजेंद्र पाल की गवाही को अहम माना।