आगरा। नगर निगम के लोहामंडी जोन स्थित खटीक बस्ती में निर्माण कार्यों की पत्रावलियों में अनियमितता मिलने पर नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने रविवार को ठेकेदार फर्म मैसर्स डीके कंस्ट्रक्शन को ब्लैकलिस्ट कर दिया। साथ ही संबंधित जोनल लिपिक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
यह पूरा मामला लोहामंडी जोन के कक्ष संख्या-26 (खटीक बस्ती) में हुए निर्माण कार्यों से जुड़ा है। हॉल की छत और फर्श की मरम्मत के साथ रंगाई-पुताई होनी थी। दूसरे काम के तहत परिसर में चहारदीवारी और गेट का निर्माण होना था।
नगर आयुक्त को दोनों कार्यों की पत्रावलियों में खेल होने की गोपनीय शिकायत मिली थी। गुपचुप तरीके से कराई गई जांच में प्रथम दृष्टया शिकायत सही पाई गई। इसके बाद नगर आयुक्त ने सख्त कदम उठाया।
अन्य फाइलों की भी होगी जांच, कमेटी गठित
नगर आयुक्त ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच का दायरा बढ़ा दिया है। अब सिर्फ इन दो पत्रावलियों की नहीं, बल्कि जोन के अन्य अभिलेखों की भी जांच होगी। इसके लिए अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार की अध्यक्षता में जांच कमेटी गठित कर दी गई है। समिति दस्तावेज की पड़ताल कर रिपोर्ट सौंपेगी। उसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
वर्जन
नगर निगम के कार्यों में किसी भी स्तर पर अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि आगे भी इस तरह के मामले सामने आए तो संबंधित ठेकेदार, कर्मचारी या अधिकारी के विरुद्ध बिना किसी नरमी के कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। - संतोष कुमार वैश्य, नगर आयुक्त