थाना सदर क्षेत्र स्थित देवरी रोड पर बसपा नेता के घर को निशाना बनाकर शनिवार की रात को बदमाशों ने फायरिंग की। इतना ही नहीं घर के बाहर खड़ी टाटा सफारी गाड़ी में आग लगा दी। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड कर्मियों ने आग पर काबू पाया। बसपा नेता ने तहरीर दी है। पुलिस घटना को संदिग्ध बताया है।
देवरी रोड निवासी मुकेश कल्याण बसपा से जुड़े हैं। वे प्रापर्टी डीलिंग भी करते हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार की रात तकरीबन एक बजे वह घर में सो रहे थे। तभी अज्ञात बदमाश आ गए। कई राउंड फायरिंग करके दहशत फैलाई। इसके बाद घर के बाहर खड़ी टाटा सफारी गाड़ी में आग लगा दी। उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की जानकारी दी। थाना सदर पुलिस के साथ ही दमकल भी पहुंच गईं। इंस्पेक्टर सदर ने बताया कि जांच में फायरिंग की तस्दीक नहीं हो पा रही है। बसपा नेता ने तहरीर दी है। उधर, पुलिस ने बताया कि सदर में गुरुद्वारे के पास खड़ी एक बस में भी शनिवार की रात को आग लग गई। यहां भी दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया।