आगरा में ताजमहल के पश्चिमी गेट पार्किंग पर सोमवार की सुबह बैरियर पर कार को रोकने से गुस्साए युवक ने रिवाल्वर से तीन बार फायर किए। इससे पुलिसकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए। पुलिस पूरे दिन घटना को छिपाए रही लेकिन सात घंटे में लखनऊ के मानक नगर इलाके में आरोपी पंकज कुमार को पकड़ लेने का दावा किया। वह आजमगढ़ का निवासी है।
ताजमहल के यलो जोन स्थित पश्चिमी गेट के बैरियर पर ताज सुरक्षा पुलिस का पहरा रहता है। सोमवार की सुबह भी बैरियर पर 6 पुलिसकर्मी थे। घटना सुबह करीब 9:30 बजे की है। पुलिस ने बताया कि मथुरा नंबर की एक कार पश्चिमी गेट पार्किंग से अमरूद टीला तक पहुंच गई।
पुलिस ने बैरियर पर कार को रोक दिया। कार सवार युवक पुलिस से उलझ गया। खुद को वीआईपी बताकर कार के साथ आगे जाने की जिद करने लगा। पुलिसकर्मियों ने उसे समझाया कि आगे कार नहीं जा सकती। कार को लौटा दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वहां से लौटने पर पश्चिमी गेट पार्किंग के पास कार सवार ने तीन बार हवाई फायर किए। अचानक फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। आरोपी कार सहित भाग गया। फायरिंग की घटना सोशल मीडिया पर वायरल हुई। मामला लखनऊ तक पहुंचा।