10एमएनपी-06-बेवर पुलिस की मुठभेड़ के दौरान पुलिस हिरासत में पकड़े गए आरोपी
- फोटो : MAINPURI
बेवर (मैनपुरी)। एक सूचना पर विक्कापुर मोड़ के पास बदमाशों की घेराबंदी करने पहुंची पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी गई। अचानक हुए हमले से संभलते हुए पुलिसकर्मियों ने पांच बदमाशों को असलहा व कार के साथ गिरफ्तार कर लिया। मुकदमा दर्ज करने के बाद शुक्रवार को उन्हें जेल भेज दिया।
थाना क्षेत्र में विक्कापुर मोड़ के पास बाग में कुछ बदमाश किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। यह सूचना जब प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह सिरोही को मिली तो वह तुरंत ही एसआई भूपेंद्र सिंह व टीम के साथ मौके पर रवाना हो गए। बाग के पास पहुंचने के बाद पुलिस टीम ने वहां कार के पास मौजूद बदमाशों को घेराबंदी कर पकड़ने का प्रयास किया तो बदमाशों ने फायरिंग करना शुरू कर दिया। फायरिंग करते हुए वहां मौजूद पांच बदमाश भागने लगे, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पीछा करके पांचों को तीन तमंचा व कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बदमाशों के पास से मिली कार भी जब्त कर ली। पूछताछ में पकड़े गए युवकों ने अपने नाम अखिलेश यादव पुत्र प्रेमवीर सिंह, सोनू पुत्र इतवारी लाल, अजीत यादव पुत्र रामवीर सिंह, अनिल यादव पुत्र रामपाल निवासी गांव मुखरना थाना पिलुआ एटा, जुबैर खान पुत्र राजेश खान निवासी जवाहरपुर थाना पिलुआ एटा बताया। पुलिस पर हमला सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करने के साथ ही शुक्रवार को बदमाशों को जेल भेजा गया।