मैनपुरी। थाना कुर्रा के गांव नसीरपुर में बिजली चेकिंग के दौरान टीम से अभद्रता करने के आरोपी को स्पेशल जज विद्युत ने जमानत खारिज करके जेल भेज दिया है। उस पर बिजली चोरी करके विभाग को राजस्व का नुकसान पहुंचाने का भी आरोप है।
कुर्रा के गांव नसीरपुर में 17 अक्तूबर 2017 को जेई ताराचंद की टीम ने लालजीत उर्फ जोगेंद्र को अवैध रूप से कटिया डालकर बिजली चोरी करके आटा चक्की चलाते हुए पाया। कनेक्शन के कागजात मांगने पर नहीं दिखाए। उसने टीम के साथ अभद्रता करके सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई। टीम को केबल नहीं काटने दी। जेई ने थाना कुर्रा में लालजीत के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई। पुलिस ने जांच करने के बाद चार्जशीट कोर्ट में भेज दी।
मामले की सुनवाई स्पेशल जज विद्युत की कोर्ट में हुई। लालजीत ने न्यायालय में जमानत पाने के लिए आवेदन किया। विद्युत विभाग के अधिवक्ता डीएस कटारिया ने दलील दी लालजीत चोरी से आटा चक्की चला रहा था। उसने चोरी से आटा चक्की चलाकर 6.47 लाख रुपया के राजस्व का नुकसान किया है। टीम के साथ अभद्रता करके सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई है। स्पेशल जज विद्युत ने उनके तर्कों से सहमत होकर लालजीत की जमानत खारिज करके जेल भेज दिया है।