फिरोजाबाद में शनिवार को जसराना थाना क्षेत्र के गांव नगला बाले में शादी समारोह के दौरान गोलियां चल गईं। घटना में गोली लगने सेएक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया। घायल आगरा रेफर किया गया है।
मृतक के पिता ने दो लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है। लोगों के अनुसार चारों के बीच बरात चढ़ने के दौरान भी झगड़ा हुआ था। लेकिन झगड़ा किस बात को लेकर था यह किसी को नहीं पता चला।
शनिवार रात को थाना एका के गांव पैढ़त निवासी अवधेश के पुत्र पंकज की बरात थाना जसराना के गांव नगला बाले निवासी वीरपाल के यहां आई थी। बरात चढ़ने के दौरान बरात पक्ष के नगला सुखी निवासी जीतू (18) पुत्र रामवीर सिंह यादव और पैढ़त निवासी अंकित (19) पुत्र दुर्गेश सविता का विवाद गांव दारापुर रसैनी निवासी युवक धीरा और दीपक से हो गया था।
मंडप के पास बैठे थे दोनों युवक
शादी समारोह में आए लोगों ने किसी तरह विवाद को शांत करा दिया। रात करीब 11 बजे बरात कन्या पक्ष के दरवाजे पर पहुंची थी। बराती दावत खा रहे थे। एक तरफ डीजे पर कुछ लोग डांस कर रहे थे। जीतू और अंकित मंडप के पास कुर्सी पर बैठे थे।
आरोप है कि इसी दौरान धीरा और दीपक हाथों में असलहा लेकर आए और जीतू से फिर झगड़ने लगे। अंकित ने उन्हें रोका। इसी दौरान दोनों पर फायरिंग कर दी गई। गोली लगने से जीतू और अंकित कुर्सी से गिर पडे़। फायरिंग होते ही बरात में भगदड़ मच गई।
जीतू के सीने के पास और अंकित के गले के पास गोली लगी। धीरा और दीपक भी मौके से भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों घायलों को जिला अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने जीतू को मृत घोषित कर दिया और गंभीर रूप से घायल अंकित को आगरा रेफर कर दिया गया।
दो युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
जीतू के पिता रामवीर सिंह यादव ने धीरा पुत्र विजेंद्र सिंह और दीपक पुत्र जयराम सिंह निवासी दारापुर रसैनी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। झगड़ा किस बात को लेकर हुआ था, इसके बारे में किसी को कोई जानकारी नहीं है। कोतवाल गिरीश चंद्र ने बताया आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
आनन-फानन में पूरी की गई शादी की रस्में
थाना क्षेत्र के गांव नगला बाले में घटना के बाद शादी समारोह की खुशियां मातम में बदल गई। परिवार में चीख पुकार मच गई। परिजनों ने आनन-फानन में शादी की रस्में पूरी कर दुल्हन को विदा कर दिया। कन्या पक्ष के वीरपाल ने बताया कि झगड़ा किस बात पर हुआ था, उन्हें जानकारी नहीं है। वहीं, युवकों के बीच विवाद किस बात पर हुआ कोई बताने को तैयार नहीं था।