निकाय चुनाव के आखिरी चरण में चल रहे मतदान के दौरान एटा में बवाल हो गया। यहां बलवाईयों ने फायरिंग और पुलिस जीप में तोडफ़ोड़ की। मौके पर पहुंचे फोर्स ने जवाबी कार्रवाई की तब हालात काबू में आए। फायरिंग में एक युवक के गोली लग गई है।
एटा के अलीगंज में बसपा और भाजपा प्रत्याशी के समर्थक आपस में भिड़ गए। यहां क्रय विक्रय समिति के बूथ नंबर 12 पर फर्जी मतदान को लेकर दोनों पार्टियों के समर्थकों में पथराव और फिर फायरिंग हुई।
फायरिंग में बसपा समर्थक वसीम पुत्र रजा अहमद के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके से करीब एक दर्जन उपद्रवियों को उठाया और भीड़ को खदेड़ा। यहां मतदान केंद्र पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस जीप में तोडफ़ोड़
बवाल, पथराव
- फोटो : amar ujala
एटा के निधौलीकलां में नगर पंचायत सदस्य प्रत्याशी के एजेंट को थाने में बिठाने पर भीड़ ने पुलिस की जीप में तोडफ़ोड़ कर दी। पुलिस जलेसर अड्डा स्थित बूथ से फर्जी मतदान की शिकायत पर एजेंट को उठाया था।
उसे छुड़ाने के लिए समर्थक पहुंचे तो उन्होंने पुलिस जीप में तोडफ़ोड़ कर दी। सूचना पर डीएम और एसएसपी मौके पर पहुंच गए और पुलिस ने लाठियां भांजकर भीड़ को तितर बितर किया। यहां से भी बलवाईयों को पुलिस पकड़ कर ले गई।
पुलिस के सामने भागे युवक
वहीं एटा की नगर पंचायत सकीट में पूर्व चेयरमैन के आवास के वोट डालने के लिए फर्जी आधार कार्ड बनाने की सूचना पुलिस को मिली। इस पर सीओ सकीट फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। यहां पुलिस घर का दरवाजा नहीं खोल पाई तब तक दो युवक छत से कूदकर पुलिस के सामने ही भाग गए।