अजीतगंज (मैनपुरी)। थाना एलाऊ क्षेत्र में एक विवादित जमीन की पैमाइश के दौरान भाजपा नेत्री पक्ष और विपक्षियों के बीच विवाद हो गया। इस बीच फायरिंग भी हुई। मारपीट के दौरान भाजपा नेत्री के पुत्र सहित दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराया। समाचार लिखे जाने तक दोनों पक्ष के लोग थाने में मौजूद थे।
भाजपा की राष्ट्रीय परिषद सदस्य मंजूषा चौहान और गांव भांवत निवासी राणाप्रताप कठेरिया व रामनरेश कठेरिया में जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है। शनिवार शाम को जमीन की पैमाइश के लिए तहसीलदार भोगांव अजीत कुमार भांवत पहुंचे थे। पैमाइश का काम चल रहा था, तभी किसी बात को लेकर दोनों पक्ष के लोगों के बीच तकरार हो गई। एक-दूसरे पक्ष ने फायरिंग का आरोप लगाया।
हंगामा होता देख पैमाइश करने आई टीम पीछे हट गई। मारपीट के दौरान भाजपा नेत्री का पुत्र राणा प्रताप चौहान और दूसरे पक्ष राणा प्रताप कठेरिया की मां रामबेटी घायल हो गए। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों का मेडिकल कराया। मंजूषा चौहान की और से छह लोगों पर मारपीट और फायरिंग, वहीं दूसरे पक्ष के राणा प्रताप कठेरिया की ओर से मारपीट व फायरिंग करने का आरोप लगाया गया। समाचार लिखे जाने तक दोनों पक्ष के लोग थाने में मौजूद थे। किसी पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई थी।
मंजूषा चौहान के पास हाईकोर्ट से स्टे आर्डर है। उसी आधार पर मौके पर निरीक्षण करने गया था। तभी दोनों पक्ष के बीच विवाद होने लगा।
अजीत कुमार, तहसीलदार