आगरा में दिवाली पर आतिशबाजी की बिक्री के लिए दुकानदारों ने अपने घरों में भी गोदाम बना लिए हैं। शनिवार रात को अग्निशमन विभाग ने पुलिस के साथ आवास विकास कॉलोनी में छापा मारा। दो घरों में भारी मात्रा में आतिशबाजी बरामद की। जगदीशपुरा थाने में पुलिस की ओर से विस्फोटक अधिनियम में केस दर्ज कर तीन लोगों को नामजद किया गया है।
आवास विकास काॅलोनी सेक्टर-1 में शनिवार की रात पुलिस और अग्निशमन विभाग ने रोहित और राजू के घरों पर छापा मारा। दोनों घरों से डेढ़ लाख रुपये से अधिक की आतिशबाजी बरामद की। आरोपी मौके पर नहीं मिले, परिवार की महिलाएं मिलीं। छापे में पुलिस को राजू के घर से गत्ते के 8 कार्टन और एक बोरी में आतिशबाजी मिलीं। वहीं, रोहित के घर से 6 कार्टन और एक बोरी में आतिशबाजी मिलीं।
एसीपी लोहामंडी मयंक तिवारी ने बताया कि यदि आतिशबाजी में चिंगारी से आग लगती तो धमाका होने पर पूरा घर चपेट में आ जाता। लोगों की जान तक जा सकती थी। मामले में दरोगा प्रमोद कुमार ने विस्फोटक अधिनियम और बीएनएस की धारा में केस दर्ज कराया है। आतिशबाजी का अवैध भंडारण कराने में मकान मालिकों राजू, रोहित उसके चाचा मदनलाल को नामजद किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
आतिशबाजी का भंडारण नहीं करें
अग्निशमन विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि किसी भी तरह की आतिशबाजी का भंडारण नहीं करें। आतिशबाजी रखने के लिए शहर के बाहर गोदामों का लाइसेंस दिया जाता है। ऐसे स्थान पर विद्युत कनेक्शन भी नहीं होना चाहिए। जरा सी लापरवाही हादसे का कारण बन सकती है।