मैनपुरी। मंगलवार को आसमान से आग बरसी। सुबह से लेकर दोपहर तक तेज धूप और उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। सड़कों पर निकले लोगों को तपिश ने इतना शिथिल कर दिया कि वे चलने में असमर्थ नजर आए। बाइकसवारों के लिए लू के थपेड़े मुसीबत बने रहे। दिनभर लोग राहत पाने के लिए परेशान रहे, लेकिन उन्हें राहत नहीं मिल सकी।
बीते पांच दिन से गर्मी का सितम सातवें आसमान पर है। दिन में तेज धूप जहां लोगों का चैन छीन रही है वहीं उमस मुसीबत बनी हुई है। मंगलवार को तेज धूप और उमस ने लोगों की हालत खराब कर दी। सुबह दस बजे से ही खिली धूप के चलते गर्मी इतनी बढ़ गई कि लोगों का घरों में रहना भी मुहाल हो गया।
सड़कों पर लोग खुद को झुलसता हुआ महसूस करते रहे। पैदल आने-जाने वाले लोगों को चलना मुश्किल भरा हो गया। वे गर्मी से बचने के लिए पानी और छांव तलाशते नजर आए। मंगलवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहा।
धान की नर्सरी हो रही प्रभावित
तेज धूप और गर्मी से धान की नर्सरी प्रभावित होने लगी है। जहां नर्सरी के विकास की रफ्तार धीमी हो गई है वहीं देर से बुवाई के चलते कई नर्सरी का अंकुरण नहीं हो सका। इससे किसानों को दोबारा धान की बुवाई करनी पड़ रही है। किसान परेशान हैं कि अगर गर्मी कम न हुई तो उन्हें और भी नुकसान होगा।