पटियाली(कासगंज)। क्षेत्र के ग्राम बाहदुर नगर में ठंड से बचने के लिए चारपाई के नीचे रखी जलती अंगीठी वृद्ध महिला का काल बन गई। महिला की रात को सोते समय जलकर मौत हो गई।
ग्राम बहादुर नगर निवासी आशाराम का परिवार रिश्तेदारी में गया हुआ था। घर पर आशाराम व उसकी पत्नी गुड्डो देवी (60) ही रह गए। रात को पति पत्नी घर की रखवाली को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग कमरों में सो गए। रात में ठंड अधिक होने से गुड्डो देवी ने अंगीठी जलाकर रखी थी, सोने से पहले उसने उसे अपनी चारपाई के नीचे रख लिया। रात में अंगीठी की आग से चारपाई में आग लग गई, इस दौरान महिला आग की चपेट में आकर जल गई, लेकिन पति को इसका पता नहीं चल सका। सुबह जब आशाराम जागा तो उसने अपनी पत्नी को आवाज लगाई।
जब शनिवार की सुबह आशाराम जागा और उसने अपनी पत्नी को आवाज़ दी, लेकिन कोई उत्तर न मिला । कई बार आवाज़ देने के बाद भी जब कोई आवाज नहीं आई तो आशाराम अपनी पत्नी के कमरे में गया। वहां का नजारा देखकर वह दंग रह गया उसके मुख से चीख़ निकल पड़ी गुड्डो देवी जल कर मर चुकीं थीं। सूचना परिजन को दी गई। परिजन के आने के बाद महिला का अंतिम संस्कार कर दिया गया।