रविवार को आसमान से मानो आग सी बरसी। दिन में भीषण गरमी के बाद शाम को तेज आंधी ने कहर बरपाया। शहर में कई स्थानों पर पेड़ की टहनियां और होर्डिंग्स टूट गए। कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी भी हुई। मगर इससे गर्मी से राहत नहीं मिल सकी। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, सोमवार को भी तापमान में कमी के आसार नहीं हैं।
रविवार को सुबह से आठ बजे से ही सूरज के तेवर दिखने लगे थे। लू और तेज धूप के कारण लोग बेहाल हो गए। कूलरों की हवा से भी लोगों का पसीना नहीं सूखा। ताजमहल पर आए देसी-विदेशी पर्यटकों का बुरा हाल रहा। पारा 45 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। शाम छह बजे के बाद तेज आंधी के साथ कई स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी भी हुई। आंधी के कारण शहर में कई स्थानों पर पेड़, होर्डिंग्स टूटकर गिर गए। ताजमहल के नजदीक कई पेड़ टूटे। ग्रामीण अंचल में भी आंधी से नुकसान हुआ है।
आज का तापमान
अधिकतम 45.3
न्यूनतम 29.4
सूर्यास्त 6.59
सूर्योदय 5.29
दुर्घटनाग्रस्त होने से बची ‘गतिमान’
रुनकता के पास ट्रैक पर पेड़ गिरा, हादसा टला
सेमी हाईस्पीड ट्रेन गतिमान एक्सप्रेस रविवार की शाम को आगरा कैंट से दिल्ली जाते वक्त हादसे का शिकार होने से बच गई। शाम तकरीबन साढ़े सात बजे रुनकता के आगे आंधी से रेलवे ट्रैक पर पेड़ गिरने के कारण लोको पायलट को इमरजेंसी ब्रेक लगाने पड़े। इसके बाद मथुरा के बाद स्टेशन पर सिग्नल फेल होने के कारण गतिमान काफी देर खड़ी रही।
देश की सबसे तेज रफ्तार से चलने वाली गतिमान एक्सप्रेस शाम को आगरा कैंट से रवाना हुई थी। रुनकता के पास ट्रैक पर पेड़ गिरने कारण गाड़ी यहां 15 मिनट तक खड़ी रही। मथुरा के बाद सिग्नल फेल होने से गतिमान को तकरीबन 20 मिनट तक खड़ा रखा गया।
आंधी में दीवार गिरी, महिला की मौत
रविवार की शाम को आई आंधी ने ग्रामीण अंचल में भी कहर बरपाया। बरौली के गांव श्यामो में आंधी से दीवार गिरने से मधु देवी (40) पत्नी धर्मदेव की मौत हो गई। बच्चे घायल हो गए। गांव में ही बाबूलाल, प्रीति, पिंकी भी आंधी में छप्पर और टिनशेड गिरने से दबकर घायल हो गए।